टिहरी में धरना देने के बाद अब कांग्रेस टीएचडीसी के विनिवेश के मुद्दे को सदन में उठाएगी। सोमवार को विधानसभा सत्र के दौरान इस मामले को कार्य स्थगन प्रस्ताव के तहत उठाया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इसकी पुष्टि की।
विधानसभा सत्र के पहले दिन हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रत्येक दिन किसी एक मुद्दे पर कार्य स्थगन प्रस्ताव लाने का फैसला किया गया था। इसी के तहत कांग्रेस ने सोमवार को सदन में टीएचडीसी के विनिवेश का मुद्दा उठाने का फैसला लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के मुताबिक टीएचडीसी के विनिवेश का फैसला कर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के हितों के साथ भी खिलवाड़ किया है।
केंद्र के इस फैसले के विरोध में कांग्रेस दो दिसंबर को टिहरी में धरना दे चुकी है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी केंद्र सरकार के इस फैसले के विरोध में टिहरी क्षेत्र के गांवों में लोक देवताओं को जगाने की मुहिम का एलान कर चुके हैं।
टीएचडीसी के ऋषिकेश स्थित मुख्यालय पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने भी धरना दिया था। प्रीतम सिंह के मुताबिक कांग्रेस की ओर से सदन में कोशिश होगी कि प्रदेश सरकार अपनी ओर से पत्र लिखकर केंद्र के समक्ष आपत्ति दर्ज कराए। दूसरी ओर, कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय इस मुद्दे को लेकर विधानसभा सत्र के बाद टिहरी क्षेत्र में आंदोलन छेड़ने की तैयारी में है।