Iएसटीएफ उत्तराखंड की ओर से नकली दवाओं को पैक करने के लिए बैच तैयार करने वाले प्रिंटिंग प्रेस के मालिक को बुधवार को हिमाचल के बद्दी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मूलरूप से बिहार के मधुबनी का रहने वाला है।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विभिन्न ब्रांडेड दवा कंपनियों की नकल कर नकली दवाओं को तैयार किया जा रहा है। इसकी रोकथाम के लिए अपराधियों की कुंडली तैयार की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को नकली दवा की पैकिंग के लिए बैच बनाने वाले प्रिंटिंग प्रेस के मालिक विजय कुमार पाण्डेय को हिमाचल प्रदेश के बद्दी इलाके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी बद्दी क्षेत्र में ही प्रिंटिंग प्रेस चलाता है।
बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी संतोष कुमार को नकली रैपर, आउटर बॉक्स, लेबल और क्यूआर कोड की भारी मात्रा के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एक-एक कर चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसमें नवीन बंसल, आदित्य काला, देवी दयाल गुप्ता और पंकज शर्मा शामिल हैं। टीम की ओर से अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसमें शामिल दो और व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। पकड़ा गया आरोपी विजय कुमार पाण्डेय मूलरूप से बिहार की खौना तहसील के थाना हरलाकी जिला मधुबनी का रहने वाली है जो हाल में हिमाचल के बद्दी में रहकर प्रिंटिंग प्रेस चलाता है।I