भगवान केदारनाथ की नगरी केदारपुरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से चमकेगी। पीएम केदारनाथ के पुनर्निर्माण को लेकर बेहद गंभीर हैं। वह चाहते हैं कि इसका स्वरूप भव्य और दिव्य हो।
यही वजह है कि मसूरी से दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से केदारनाथ के पुनर्निर्माण के भावी स्वरूप पर चर्चा की। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण को लेकर 20 अक्तूबर के बाद जो भी निर्णय हुए, उनके बारे में जानकारी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री ने केदारनाथ के भावी स्वरूप को लेकर कई नए विषय जोड़े हैं।
यह स्वरूप बनाने के लिए धार्मिक व सांस्कृतिक मान्यताओं को बनाए रखते हुए तकनीकी माध्यमों का प्रयोग होगा। उन्होंने कहा कि इस बार केदारनाथ में पांच लाख तीर्थयात्री पहुंचे। एक दो वर्ष में यह संख्या 10 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है।