प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होने की वजह से संगठन पर इसमें खासी तादाद में भीड़ जुटाने का दबाव बना है। सूत्रों की मानें तो योग दिवस पर 60 हजार योग साधकों की मौजूदगी का लक्ष्य तय किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने की जिम्मेदारी प्रदेश संगठन को भी सौंपी गई है। पीएम के कार्यक्रम को भव्य बनाने के साथ ही पार्टी को प्रदेश भर में सांगठनिक स्तर पर योग दिवस आयोजित करने हैं। इस लिहाज से संगठन के सामने दोहरी चुनौती है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना है कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया जाएगा। संगठन के स्तर पर भी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया होगी और इसके लिए संगठन स्वयंसेवी संस्थाओं और संगठनों का भी सहयोग लेगा। जल्द ही कार्यक्रम की तैयारी को लेकर एक बैठक होगी, जिसमें ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं की भागदारी सुनिश्चित करने को लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
क्या चुनावी रैली की तर्ज पर जुटेगी भीड़
चुनाव रैली में किस तरह से भीड़ जुटाई जाती है, ये आम जनमानस से छुपा नहीं है। अब सवाल यह खड़ा हो रहा है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में 60 हजार की भीड़ जुटाने के लिए क्या वही फार्मूला अपनाया जाएगा जो चुनावी रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए अपनाया जाता है। भाजपा के सभी सांसद और विधायक अपने अपने चुनाव क्षेत्रों में योग करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि इस संबंध में सांसदों और विधायकों को अवगत करा दिया जाएगा।