अभय क्षेत्री की शानदार गेंदबाजी के दम पर प्रेसिडेंट इलेवन ने बुधवार को देहरादून ए को नौ विकेट से हरा दिया। जीत के साथ टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए अभय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-25 में बुधवार को जीएसआर मैदान में सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। अभय की घातक गेंदबाजी के सामने देहरादून ए की पूरी टीम 36.3 ओवर में 121 रनों पर ढेर हो गई। विजय शर्मा ने 58, केशव राणा ने 17 और अभिषेक रावत ने 14 रनों की पारी खेली। अभय ने 17 रन देकर पांच विकेट चटकाए। इसके अलावा हरमन सिंह ने दो और आदित्य सेठी ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेसिडेंट इलेवन ने एक विकेट खोकर 16.2 ओवर में जीत हासिल कर ली। नीरज राठौड़ ने 65 और राजेश टांगरी ने 47 रनों की पारी खेली।