केदारनाथ में पुलिस और प्रशासन द्वारा महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के स्वागत की रिहर्सल तेज बारिश में छातों के सहारे की गई। इस दौरान जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल और एसपी पीएन मीणा ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पुलिस जवानों को जरूरी निर्देश दिए। केदारनाथ मंदिर सहित केदारपुरी में चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएससी तैनात कर दी गई है।
महामहिम राष्ट्रपति रविवार को केदारनाथ पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत के लिए बाबा केदार का धाम तैयार हो गया है। प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को तेज बारिश के बीच स्वागत तैयारियों की रिहर्सल भी की गई। इस दौरान मंदिर मार्ग से मंदिर तक पुलिस के जवान हाथों में छाते लिए पक्तिबद्ध होकर कतारबद्ध रहे।
वैलीब्रिज से मंदिर परिसर होते हुए वीआईपी हेलीपैड तक वैरीकेटिंग लगा दी गई है। मंदिर क्षेत्र को तार जाली से कवर किया गया है। इधर, मंदिर से लेकर एमआई-26 हेलीपैड और मंदिर से लेकर वीआईपी हेलीपैड के अलावा रुद्रा प्वाइंट से लेकर मंदिर और मंदाकिनी नदी के दूसरी तरफ गरूड़चट्टी की ओर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा जवान तैनात कर दिए गए हैं।
शनिवार दोपहर बाद से मंदिर मार्ग से मंदिर आवाजाही पर रोक लगा दी गई। इस दौरान जो लोग पहुंचे भी, उन्हें भारी पूछताछ से गुजरना पड़ा। पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने बताया कि महामहिम के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर दी गई है। रविवार को आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर महामहिम के दर्शन कर लौटने के बाद शुरू होंगे।
बता दें कि शुक्रवार रात्रि से बिना रोके धाम में बारिश जारी है। शनिवार को चारों तरफ बारिश के बीच कोहरा छाया रहा। जबकि चोराबाड़ी और वासुकीताल क्षेत्र में जमकर बर्फबारी हो रही है, जिससे, केदारनाथ धाम में ठंड भी बढ़ गई है।