राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 23 सितंबर को अपराह्न जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक उनका स्वागत करेंगे।
मध्य कमान सेना द्वारा राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। मुख्य सचिव एस. रामास्वामी ने मंगलवार को सचिवालय में राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों के संबंध में बैठक की। उन्होंने परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य आदि व्यवस्थाओं को फूल प्रूफ करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रपति 23 सितंबर को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हर की पैड़ी हरिद्वार जाएंगे।
गंगा पूजन के बाद वे हरिद्वार में दिव्य प्रेम सेवा मिशन, सेवा कुंज भी जाएंगे। इसके बाद शाम को राष्ट्रपति राजभवन देहरादून पहुंचेंगे। राजभवन में राज्यपाल डा. केके पाल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सम्मान में भोज देंगे। 24 सितंबर की सुबह राष्ट्रपति राजभवन परिसर में पौधरोपण के बाद केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे।
बदरीनाथ दर्शन के बाद राष्ट्रपति वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगे। बैठक में डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी, प्रमुख सचिव गृह आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य राधा रतूड़ी, कमिश्नर गढ़वाल दिलीप जावलकर, डीआईजी पुष्पक ज्योति, सचिव राज्यपाल रविनाथ रमन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।