राजधानी में भारी बारिश की वजह से हेलीकॉप्टर से पहुंचे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी लौटते वक्त उड़ान नहीं भर पाए। उनका हेलीकॉप्टर तेज बारिश की वजह से नहीं उड़ा तो आनन-फानन में उन्हें सड़क मार्ग से जौलीग्रांट भेजने में पुलिस-प्रशासन के पसीने छुड़ गए।
सड़कों पर जगह-जगह जाम लग गया। शाम करीब चार बजेकर 25 मिनट पर राष्ट्रपति के विमान ने जौलीग्रांट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सोमवार को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर वायुसेना के विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे।
एयरपोर्ट पर राज्यपाल डा. केके पाल, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डीजीपी एमए गणपति और अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से देहरादून स्थित जीटीसी हेलीपैड पहुंचे।
यहां से सड़क मार्ग से वह राजपुर रोड स्थित आशियाना पहुंचे। आशियाना के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद दोपहर करीब 2:45 बजे वह सड़क मार्ग से आशियाना से जीटीसी हेलीपैड गढ़ी कैंट के लिए रवाना हुए।