शिक्षक दिवस के मौके पर मंगलवार को प्रदेश के आठ शिक्षकों को राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान करेंगे। सात शिक्षकों को राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा। इनमें चार बेसिक और तीन माध्यमिक शिक्षक हैं। इसी तरह एक शिक्षक को राष्ट्रीय आईसीटी पुरस्कार से नवाजा जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद विज्ञान भवन, दिल्ली में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान करेंगे।
वर्ष 2016-17 का राष्ट्रीय आईसीटी पुरस्कार राजकीय इंटर कालेज, पत्थरखानी, पिथौरागढ़ के प्राचार्य कौस्तुभ चंद्र जोशी को दिया जाएगा। यह पुरस्कार इनफोर्मेशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने वाले शिक्षक को दिया जाता है। जोशी ने आईटी की जरिये गणित की पढ़ाई आसान की है। छात्र मोबाइल फोन पर गणित के अध्याय की जानकारी ले सकते हैं। यह पुरस्कार उत्तराखंड में सिर्फ जोशी को दिया जा रहा है। पुरस्कार में एक लैपटॉप और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
इसी तरह बेसिक शिक्षा में राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार गवर्नमेंट अपर प्राइमरी स्कूल, पुडियानी, चमोली के भागचंद लाल केशवानी, अपर प्राइमरी स्कूल गल्जवाड़ी की शशि शर्मा, प्राइमरी स्कूल हल्दूपोखरा नायक, हल्द्वानी की विमला जोशी, प्राइमरी स्कूल कांडा, बौनशाला, पौड़ी गढ़वाल की लक्ष्मी नैथानी को दिया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा में आदर्श इंटर कालेज जोशी मठ, चमोली की प्राचार्य सविता फोनिया, फूलचंद नान शिल्प मंदिर गर्ल्स इंटर कालेज, देहरादून की प्राचार्य डॉ. कुसुम रानी नैथानी और राजकीय इंटर कालेज, बापरू, चंपावत के अंग्रेजी के प्रवक्ता नरेशचंद्र राय को राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार से नवाजा जाएगा।