एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने जिले में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने व्यापक प्लान बनाने को कहा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वह अपने क्षेत्र में नशा तस्करों का डाटा 15 दिनों में तैयार कर लें। इसके बाद उन पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई जाए।
इसके अलावा उन्होंने पुलिसिंग में सुधार के लिए निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था के बारे में कहा कि सड़कों पर यातायात की स्थिति देखकर ही पुलिसिंग का अंदाजा लगाया जाता है। ऐसे में यातायात की जिम्मेदारी जितनी यातायात पुलिस की है, उससे कहीं ज्यादा थाना चौकी पुलिस की है। ऐसे में जरूरी है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात पर भी काम करें। जिन क्षेत्रों में यातायात का दबाव अधिक है, उन्हें चिह्नित किया जाए। यह जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारियों की है।
कहा कि कहीं डायवर्जन जरूरी है, तो इसके लिए भी योजना बनाई जाए। स्कूलों के समय लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रबंधनों से बात की जाए। यदि छुट्टी और स्कूल खुलने के समय में बदलाव की जरूरत है, तो वह भी करवाएं। इन सब निर्देशों का एसएसपी ने जल्द से जल्द पालन करने को कहा।
ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी साफ-सुथरी वर्दी के साथ अनुशासन बनाए रखें, थाना-चौकियों से कर्मियों को ठीक तरह से ब्रीफ करने के बाद रवाना किया जाए, सभी थाना प्रभारी सीसीटीवी के साथ मैनुअल पुलिसिंग पर भी काम करें, हर बीट कांस्टेबल अपनी बीट में कम से कम एक घंटा जरूर काम करे, रात में ड्यूटी के समय आने-जाने वाले लोगों से टोका-टाकी जरूर करें, लंबित वारंटों और सम्मनों को जल्द से जल्द तामील करें।