सर्द शाम में साल 2023 का सूरज डूब रहा था, इसी के साथ पूरे जौनसार बावर समेत शहर भर में नए साल के स्वागत के लिए तैयारी चल रही थी। रात 12 बजते ही फिजाओं में हैप्पी न्यू इयर की गूंज सुनाई दी। नए साल के स्वागत के जश्न में शहरवासी खुशी से झूम उठे। देर रात तक रिजार्ट, होटल, बार, रेस्टोरेंट में नए साल का जश्न चलता रहा।
संडे की मस्ती के साथ साल के आखिरी दिन को विदाई दी गई। पछवादून से लेकर जौनसार बावर तक सभी रिजॉर्ट, होम स्टे और होटल फुल रहे। वेडिंग प्वाइंटों पर भी नए साल के जश्न को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। जैसे ही घड़ी में रात के 12 बजे तो लोग खुशी में झूम उठे। सभी ने एक दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं दीं। रविवार को चकराता में नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। चकराता छावनी बाजार के साथ ही आसपास के पयर्टक स्थल सैलानियों से गुलजार रहे। छावनी बाजार के निकट पर्यटक स्थल सन सेट प्वांइट, थाणा डांडा, चिरमिरी टॉप, रामताल गार्डन, टाइगर फाल, चौरानी डांडा, गढ़बैराठ, जाडी, लोखंडी, कोटी कनासर आदि स्थलों पर सैलानी दिनभर मौज-मस्ती करते नजर आए। दिन ढलते ही उन्होंने होटल, रिजॉर्ट और होम स्टे का रुख किया। यहां उनके लिए बोन फायर, डीजे नाइट, गाला डिनर आदि का विशेष प्रबंध किया गया था। होटल और रिजार्ट में नए साल के जश्न को यादगार बनाने के लिए विशेष तौर पर सजाया गया था। सैलानियों ने देर रात्रि तक नए साल के जश्न में डूबे रहे।
Iबोटिंग का उठाया लुत्फI
बड़ी संख्या में सैलानी आसन झील पहुंचे। यहां उन्होंने बोटिंग का लुत्फ उठाया। दूरबीन से प्रवासी पक्षियों का दीदार किया। दिनभर आसन झील में रौनक बनी रही।
Iबोट हाउस पार्क रहा गुलजारI
नए साल को यादगार मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग डाकपत्थर बैराज स्थित बोट हाउस पार्क पहुंचे। बच्चों ने झूलों का मजा लिया। ऊंट की भी सवारी की। शाम को डीजे नाइट का आयोजन किया गया।