2020 राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। खेल विभाग राष्ट्रीय खेलों को लेकर 2015 में तैयार की गई रिपोर्ट का अध्ययन करेगा।
अभी से अलग-अलग खेलों की स्पर्धाओं को लेकर आयोजन स्थलों के आवंटन पर मंथन शुरू हो गया है। खेल सचिव, खेल मंत्री और उत्तराखंड ओलंपिक संघ की सहमति के आधार पर आयोजन स्थल तय किए जाएंगे।
भारतीय ओलंपिक संघ ने राज्य को 2020 नेशनल गेम्स की मेजबानी सौंपी है। राष्ट्रीय खेल फरवरी-मार्च 2020 में संभावित हैं। मेजबानी मिलने के बाद खेल विभाग भी अभी से तैयारियों में जुट गया है। खेल विभाग ने बैठक कर आयोजन स्थलों की रूपरेखा बनाई।
खेल निदेशालय पूर्व राष्ट्रीय खेलों के लिए बनाई गई रिपोर्ट का अध्ययन करेगा। खेल निदेशक प्रताप साह ने बताया कि नेशनल गेम्स के लिए पूर्व में तैयार रिपोर्ट भी देखी जाएगी। इससे आयोजन के बजट, आयोजन स्थल, संसाधनों आदि की जानकारी में मदद मिलेगी।