देहरादून। राज्य में कल होने वाली मॉक ड्रिल के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों का आकलन मंगलवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें 13 जिलों व विभिन्न रेखीय विभागों की राहत, बचाव कार्यों की कार्ययोजना का विस्तृत परीक्षण किया गया।
प्रदेश में जिन स्थानों पर यह मॉक ड्रिल आयोजित होगी, उनमें 95 प्रतिशत स्थान नए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मॉक ड्रिल का निरीक्षण करेंगे। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर विभिन्न रेखीय विभागों के बीच समन्वय को बेहतर बनाने, उपकरणों तथा संसाधनों का आपदा के समय बेहतर से बेहतर उपयोग करने तथा वास्तविक आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए इस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल एक अभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता, त्वरित निर्णय क्षमता तथा समन्वित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल थे।
सामान्य से कम बारिश होने की संभावना
देहरादून। टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान मौसम विज्ञान विभाग देहरादून के डॉ. रोहित थपलियाल ने बताया कि मानसून ने मंगलवार को उत्तराखंड में दस्तक दे दी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जून में उत्तराखंड में 83 मिमी बारिश हुई है, जबकि जून का औसत 132 मिमी है।