उत्तराखंड क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य की होनहार और प्रतिभाशाली क्रिकेटर प्रेमा रावत ने अपनी कड़ी मेहनत और शानदार खेल के दम पर भारत की आगामी टी-20 वर्ल्ड कप टीम में जगह पक्की कर ली है।
उनकी इस शानदार उपलब्धि ने पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है और राज्य के क्रिकेट प्रेमियों में जश्न का माहौल है। प्रेमा का राष्ट्रीय टीम तक के सफर के पीछे वर्षों का कठिन परिश्रम और मैदान पर बहाया गया पसीना है। उनकी पिछली उपलब्धियों ने ही राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को उन्हें इस बड़े मंच के लिए चुनने पर मजबूर किया। प्रेमा ने पिछले कुछ सीजन में सीनियर विमेंस टी-20 ट्रॉफी और एक दिवसीय प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया।
दबाव की परिस्थितियों में टीम को उबारने और कई अहम मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच प्रदर्शन करने के कारण वे घरेलू सर्किट में एक भरोसेमंद खिलाड़ी के रूप में उभरीं। बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष माहिम वर्मा ने कहा कि प्रेमा रावत का भारतीय टी-20 विश्व कप टीम में चयन उत्तराखंड के हर एक खिलाड़ी और क्रिकेट प्रेमी के लिए बहुत बड़ा दिन है।