अक्सर चर्चाओं में रहने वाले खानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और राज्य खनिज विकास परिषद के अध्यक्ष कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का नाम एक और विवाद से जुड़ गया है।
टीवी चैनल पर चले एक वीडियो में धमकाते हुए दिखे प्रणव
इस बार उन पर लक्सर क्षेत्र की एक फैक्ट्री के महाप्रबंधक को धमकी देने का आरोप लगा है। हालांकि प्रणव इन आरोपों को अपने खिलाफ दुष्प्रचार बता रहे हैं।
मंगलवार की शाम एक टीवी चैनल पर चले एक वीडियो में कुंवर प्रणव को किसी अधिकारी का नाम लेकर धमकाते हुए दिखाया गया।
जिसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई। बताया गया कि लक्सर क्षेत्र की एक फैक्ट्री से कुछ कर्मचारियों को प्रबंधन ने कुछ दिन पहले काम से हटा दिया था।
ये कर्मचारी काम पर वापस रखवाने की सिफारिश लेकर कुंवर प्रणव के पास गए थे। आरोप है कि इस दौरान प्रणव ने फैक्ट्री के महाप्रबंधक को धमकी दी।
कभी कृषि मंत्री हरक सिंह के देहरादून स्थित आवास पर विधायकों की दावत में गोली चलाने को लेकर तो कभी रुड़की आईआईटी के कार्यक्रम में शर्ट उतार कर चर्चाओं में रहने वाले प्रणव के खिलाफ हालांकि इस मामले में अभी तक कहीं कोई शिकायत पुलिस और प्रशासन के स्तर पर नहीं की गई है अलबत्ता अधिकारी को धमकाने का यह मामला देर रात तक चर्चाओं में रहा।
छवि खराब करने के लिए यह दुष्प्रचार
जिस अधिकारी को धमकाने का आरोप लगा है उनसे देर रात तक संपर्क नहीं हो पाया। वहीं दूसरी और कुंवर प्रणव का इस बारे में कहना है कि उनकी छवि खराब करने के लिए यह दुष्प्रचार किया गया है। वे पंजाब में हैं और उनका ऐसे किसी भी विवाद से कोई सरोकार नहीं है।