कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन/ विधायक देशराज कर्णवाल
- फोटो : फाइल फोटो
हरिद्वार जिले के भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन और देशराज कर्णवाल भाजपा की तीन सदस्यीय जांच समिति के सामने आठ मई को पेश होंगे। दोनों विधायकों पर पार्टी का अनुशासन तोड़ने का आरोप है। जांच समिति इन आरोपों के संबंध में दोनों विधायकों से बारी-बारी पूछताछ करेगी। समिति के संयोजक व प्रदेश महामंत्री खजान दास ने विधायकों को बुलाए जाने की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, प्रदेश कार्यालय को सूचित कर दिया गया है कि वो दोनों विधायकों को आठ मई को प्रदेश कार्यालय में उपस्थित होने के संबंध में सूचना भेज दें।
पार्टी के दोनों विधायकों पर विवादित बयानबाजी करने और पार्टी का अनुशासन तोड़ने का आरोप है। समझौते के बावजूद दोनों के बीच परस्पर विरोधी बयानबाजी जारी होने पर पार्टी ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। जांच समिति की कमान पार्टी विधायक व प्रदेश महामंत्री खजान दास को सौंपी गई थी, लेकिन समिति गठन के अगले दिन ही खजानदास और समिति के सदस्य विश्वास डाबर को लोकसभा चुनाव के प्रचार में भेज दिया गया था। खजानदास हिमाचल में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
उनका जांच के संबंध में उत्तराखंड लौटने के कार्यक्रम है। खजानदास के मुताबिक, उन्होंने आठ मई को दोनों विधायकों से उन पर लगे आरोपों के संबंध में पूछताछ करने के लिए बुलाया हैं। दोनों विधायकों से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया, लेकिन उन्हें एसएमएस के जरिये सूचित कर दिया गया हैं। इसके साथ ही पार्टी कार्यालय के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है। समिति के तीनों सदस्य दोनों विधायकों से बारी-बारी बात करेंगे। बातचीत की वीडियो रिकार्डिंग भी की जाएगी।
चैंपियन की बयानबाजी जारी
जांच समिति के गठन के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने दोनों विधायकों को ताकीद की थी कि वे ऐसी बयानबाजी से परहेज करें जो अनुशासनहीनता के दायरे में आती है। इसके बावजूद कुंवर प्रणव चैंपियन की बयानबाजी नहीं थमी है। हालांकि कर्णवाल ने चुप्पी साध ली है। चैंपियन ने पिछले दिनों नैनीताल में बयान दिया था कि भाजपा और कांग्रेस उन्हें नहीं समझ सकी और वे अब यूपी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया देने से यह कहकर इंकार कर दिया कि प्रकरण अब जांच समिति देख रही है। जांच समिति की संस्तुति पर पार्टी सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।