जनता मिलन कार्यक्रम में उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के सामने जहर खाकर आने वाले व्यापारी प्रकाश पांडेय की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रकाश को देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां रविवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत उनका हाल-चाल जाना।
बता दें कि सरकारी पेमेंट न होने से क्षुब्ध ट्रांसपोर्टर ने शनिवार को जहर खा लिया और सीधे भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंच गया। उसने सुनवाई कर रहे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से कहा कि उसने जहर खा लिया है।
नोटबंदी और जीएसटी ने उसे बर्बाद कर दिया है। यह सुनते ही जनता मिलन कार्यक्रम में सनसनी फैल गई और भाजपाई सकते में आ गए। मंत्री की गाड़ी से भाजपा नेताओं ने आनन-फानन में उसे दून हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां हालत बिगड़ने पर उसे मैक्स हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। मैक्स हॉस्पिटल के सूत्रों के मुताबिक, उसे आईसीयू में रखा गया है। दूसरी तरफ, दून हॉस्पिटल प्रशासन ने जहर की पुष्टि नहीं की है। हॉस्पिटल प्रशासन का कहना है कि पीड़ित के ब्लड सैंपल लेकर उसे फॉरेंसिक जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को दोपहर डेढ़ बजे जनता मिलन कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम शुरू हुए आधा घंटा भी नहीं गुजरा था, कि काठगोदाम-हल्द्वानी निवासी ट्रांसपोर्टर प्रकाश पांडेय हाथ में ज्ञापन लेकर वहां पहुंचेा। उन्होंने रोना-चिल्लाना शुरू कर दिया। बताया कि वह सिद्धिविनायक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक हैं। इस बीच, उन्होंने मंत्री की टेबल पर कुछ पाउच-रैपर रखकर बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। यह सुनते ही वहां सनसनी फैल गई।
मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रकाश को तुरंत हॉस्पिटल ले जाने के लिए कहा। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शादाब शम्स और अन्य लोग उसे लेकर तुरंत दून हॉस्पिटल पहुंच गए। इस दौरान, प्रकाश ने कई बार उल्टियां कीं और उनका बीपी लो हो गया। आईसीयू में उनका उपचार किया गया। बाद में उनकी हालत को देखते हुए उन्हें मैक्स हॉस्पिटल भर्ती करा दिया गया। मुख्यमंत्री के ओएसडी ऊर्बादत्त भट्ट ने मैक्स हॉस्पिटल में पांडेय से मुलाकात के बाद दावा किया कि उनकी हालत ठीक है।
हालांकि पूर्व विधायक राजकुमार का कहना है कि पांडेय की हालत गंभीर है। दूसरी तरफ, कुमाऊं से प्रकाश पांडेय के रिश्तेदारों और परिचितों के दून के लिए रवाना होने की खबर है। बताया जा रहा है कि मूल रूप से पांडेय जागेश्वर-अल्मोड़ा का रहने वाले हैं। काठगोदाम-हल्द्वानी में उसका अपना घर है। पत्नी और दो बच्चे हैं। इधर, पांडेय को हॉस्पिटल ले जाने वाले भाजपा नेता शादाब शम्स के अनुसार, प्रकाश पांडेय का ये भी कहना है कि मंत्री के सामने आने से पौन घंटा पहले उन्होंने जहर खाया था।