राजधानी देहरादून के प्रेमनगर, डोईवाला और कुछ शहरी क्षेत्रों में रविवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक बिजली गुल रहेगी।
उत्तराखंड जल विद्युत निगम की ओर से छिबरो, खोदरी पावर हाउस का मेंटेनेंस का कार्य कराया जाना है। इस दौरान पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा भी बड़ी लाइनों को ठीक करने का कार्य किया जाएगा।
मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है
मानसून खत्म हो रहा है। इसको ध्यान में रखकर उत्तराखंड जल विद्युत निगम की ओर से प्रदेश भर की जल विद्युत परियोजनाओं का एक-एक करके मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। इसकी शुरूआत देहरादून के छिबरो, खोदरी पावर हाउस से किया जा रहा है।
रविवार को सुबह नौ बजे से लेकर शाम चार बजे तक दोनों पावर हाउस की टरबाइन रिपेयर की जाएंगी। साथ ही अन्य सफाई की व्यवस्था ठीक की जाएंगी, जिससे सर्दी के दौरान कोई दिक्कत न होने पाए। इस बीच पिटकुल ने भी अपनी लाइनों के मेंटेनेंस करने का शेड्यूल तय कर लिया है। पिटकुल के अधिशासी अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि शाम चार बजे के बाद आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
विधानसभा सत्र खत्म होते ही बिजली परेशानी शुरू
विधानसभा सत्र खत्म होते ही बिजली परेशानी शुरू हो गई है। शनिवार को सहस्त्रधारा रोड के वाणी विहार में तार बदलने के लिए शटडाउन लिया गया था। इसके कारण इस कालोनी में पूरे दिन बिजली गुल रही। कारगी क्षेत्र में भी सुबह कुछ समय के लिए आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा अन्य कई क्षेत्रों में भी बिजली का आना जाना लगा रहा। जबकि, तीन दिन सत्र के दौरान बिजली की परेशानी ना के बराबर थी।