जौनसार बावर और पछवादून में बुधवार को सात घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। 33 केवी लाइन की मरम्मत के चलते बिजली काटी गई थी। सुबह दस बजे विद्युत आपूर्ति बंद हुई और शाम पांच बजे बहाल हुई। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोग गर्मी से बेहाल रहे। घरों में इनवर्टर की बैटरी डाउन हो गई।
बिजली गुल होने का असर बैंक और दफ्तरों में भी पड़ा। सरकारी कामकाज प्रभावित हुए। साहिया सब स्टेशन से जुडे 400 से अधिक गांवों की बिजली सुबह दस बजे से शाम 4.30 बजे तक गुल रही। लोग अपने फोन तक चार्ज नहीं कर पाए। चकराता में भी सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही। हालांकि चकराता में मौसम ठंडा होने के चलते लोगों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ी। लेकिन, बिजली गुल रहने से तहसील के काम जरूर प्रभावित हुए।
त्यूणी क्षेत्र में सुबह 10 बजे बिजली चली गई थी। शाम सात बजे विद्युत आपूर्ति को बहाल किया गया। बिजली न होने से लोग दिनभर परेशान रहे। जनसेवा केंद्र व तहसील के कार्य भी ठप रहे। आज भी पछवादून में सात और जौनसार बावर में पांच घंटे आपूर्ति बाधित रहेगी।