सांकरी से यमुनोत्री तक ट्रैकिंग पर निकले बंगाली पर्यटकों के दल में शामिल एक नेपाली पोर्टर खाई में गिरकर लापता हो गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लापता पोर्टर की तलाश के लिए रवाना हो गई है।
पश्चिम बंगाल के पांच ट्रैकर्स और पांच पोर्टरों का दल आठ जून को सांकरी से यमुनोत्री ट्रैक पर रवाना हुआ था। शुक्रवार को जानकीचट्टी से करीब नौ किमी पहले दल में शामिल एक पोर्टर का पैर फिसलने से वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
उसे खाई से निकालने की स्थिति नहीं बन पाने के कारण दल के अन्य सदस्यों ने जानकीचट्टी पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। बड़कोट के थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लापता पोर्टर अजय (30) पुत्र शेर बहादुर निवासी विकासनगर की खोज के लिए रवाना हो गई है, जबकि दल में शामिल बंगाली पर्यटक डा. हिंदुल मंडल, डा. सोमी घोष, डा. हार्को पॉल बंदोपाध्याय तथा डा. प्रशांत और उसकी पत्नी सोमिता सुरक्षित जानकीचट्टी पहुंच गए हैं। ब्यूरो