नरेंद्रनगर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को पुलिस और सेना में भर्ती होने के लिए नरेंद्रनगर थाना पुलिस की पहल पर अभिनव पहल की गई। पुलिस की पहल पर बेरोजगार युवक और युवतियों को डेढ़ माह का नि:शुल्क कोचिग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को शारीरिक भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यशाला में 130 युवक और युवतिया प्रतिभाग कर रही है।
थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी की पहल पर मंगलवार को नगर पालिका के बारात घर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विमला गुंज्याल ने विधिवत प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया। एसएसपी गुंज्याल ने प्रशिक्षण कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से युवाओं में क्षमता विकास होगा।
रोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिलेगी। गांवों से पलायन भी रूकेगा। युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
थानाध्यक्ष सकलानी ने बताया कि डेढ़ माह तक चलने वाले प्रशिक्षण कार्यशाला में युवाओं को विशेषज्ञ कोचिंग देगे। प्रतियोगिता परीक्षाओं के संबंध में टिप्स दिए जाएंगे। शारीरिक प्रशिक्षण पुलिस लाइन में होगा। बताया कि प्रशिक्षण में 130 युवाओं प्रतिभाग कर रहे है। जिसमें 26 युवतिया भी शामिल है।
पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ पांडेय ने कहा कि सकारात्मक सोच ने नई ऊर्जा का संचार होता है। इस तरह की प्रशिक्षण कार्यशाला युवाओं को सफलता के पायदान चढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।