प्रधानमंत्री मोदी के केदारनाथ भ्रमण को लेकर सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने धाम में वीआईपी हेलीपैड पर चार बार ट्रायल लैडिंग की। हेलीकॉप्टर द्वारा टेकऑफ व लैंडिंग का भी अभ्यास किया गया। इस दौरान प्रशासन द्वारा केदारघाटी से केदारनाथ के लिए संचालित हो रही हेलीकॉप्टर सेवाओं को कुछ देर के लिए बंद रखा गया।
मंदिर के चारों तरफ बेरिकेडिंग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ भ्रमण कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर के चारों तरफ बेरिकेडिंग की जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के धाम में पहुंचने से एक घंटा पूर्व आम श्रद्धालुओं को मंदिर से 100 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा। मंदिर परिसर के बाहर की तरफ भी बेरिकेड लगाए जा रहे हैं।
कमिश्नर ने तैयारियों का जायजा लिया
गढ़वाल आयुक्त वीबीआरसी पुरुषोत्तम ने केदारनाथ पहुंचकर प्रधानमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
केदारनाथ में हुई बर्फबारी
केदारनाथ में बृहस्पतिवार को दोपहर बाद लगभग आधा घंटे बर्फबारी हुई, जिससे यहां ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। देर शाम तक धाम में घने बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान में बादल घिर आए। दोपहर दो से ढाई बजे तक मध्यम बारिश हुई। इसके बाद कई बार बारिश की बौछारें भी गिरी। अधिकतम तापमान 10 और न्यूनतम माइनस 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।