देहरादून। त्योहारी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और बाजारों में जाम की समस्या कम करने के लिए दून पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 29 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि दुकानों के बाहर फुटपाथ और सड़क पर सामान फैलाकर लोगों का रास्ता रोकने वाले 61 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने दुकानदारों पर कुल 2 लाख 500 रुपये का जुर्माना लगाया।
एसएसपी प्रेमेंद्र सिंह डोबाल के पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के व्यस्त मार्गों, मुख्य बाजारों और चौराहों पर अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई की गई। नो पार्किंग में वाहन खड़े होने से यातायात बाधित होने की शिकायतों के मद्देनजर पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत भी दी।
वहीं, दुकानों के बाहर फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर सामान फैलाकर अस्थायी अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई। इनमें 19 दुकानदारों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए 1.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जबकि 42 दुकानदारों के खिलाफ धारा 81 के तहत कार्रवाई कर 10,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि, सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण होने से पैदल चलने वालों को परेशानी होती है और यातायात भी प्रभावित होता है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ऐसे मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने व्यापारियों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।