I
हिमाचल निवासी युवक पवन कश्यप की हत्या की जांच के लिए रविवार को थाना प्रभारी कालसी वैभव गुप्ता ने घटना स्थल का मुआयना किया। डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया। नए सिरे से फॉरेंसिक तथ्यों के साथ ही अन्य साक्ष्यों का भी संकलन किया गया। गत 29 दिसंबर को राजस्व क्षेत्र समाल्टा के मोका खड्ड में पवन (19) निवासी ग्राम खोदरी माजरी, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश का शव संदिग्ध हालात में मिला था। मृतक के पिता अरविंद कश्यप की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। राजस्व पुलिस की संस्तुति पर जांच रेगुलर पुलिस को सौंपी गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि वे दो बार वे घटना स्थल का मौका मुआयना कर चुके हैं। डॉग स्क्वाड का भी सहारा लिया गया। फॉरेंसिक साक्ष्यों को विधि-विज्ञान प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल चुकी है। जल्द उसका अवलोकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
Iसत्यापन में तेजी लाने के दिए निर्देशI
थाना प्रभारी कालसी वैभव गुप्ता ने साहिया चौकी में अधीनस्थों की बैठक ली। उन्होंने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। चौकी प्रभारी और सिपाहियों को सत्यापन अभियान में तेजी लाने और वारंटियों की धर-पकड़ के निर्देश दिए।