बागेश्वर के युवा इंजीनियर की मौत के मामले में पुलिस को यतीन के छोड़े दो सुसाइड नोट भी मिले। परिवार के लिए लिखे पहले तीन पन्नों के नोट में उसने अपनी मजबूरी बताई है..
पुलिस को होटल के कमरे से यतीन वर्मा के दो सुसाइड नोट मिले हैं। पहला तीन पन्नों का है, जो परिवार के लिए लिखा गया है। दूसरा नोट डायरी के पन्नों में लिखा है। अंग्रेजी में लिखे सुसाइड नोट में यतीन ने कहा है कि वैसे तो वह ब्रिलियंट है, मगर खुद से परेशान है।
बॉडी बनाने के लिए फूड सप्लीमेंट का सेवन किया, मगर उससे उसकी तबीयत बिगड़ गई है। वह बेहद तनाव में है। ऐसे में वह किसी को मार भी सकता है या खुद भी मर सकता है। नोट में यतीन ने पिता के अलावा पूरे परिवार की तारीफ की है। हालांकि, सीधे तौर पर खुदकुशी करने की बात नहीं लिखी है।
डिप्रेशन में आकर यतीन ने खुद को मारी गोली
सुसाइड
- फोटो : demo
बागेश्वर के युवा इंजीनियर यतीन वर्मा की मौत के मामले में बुधवार को नाटकीय मोड़ आ गया। पुलिस ने दावा किया है कि डिप्रेशन में आकर यतीन ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी की थी। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने कमरे से खून साफ कर लाश को बाहर फेंक दिया था।
पुलिस ने साक्ष्य मिटाने के आरोप में होटल के दो कर्मचारियों को दबोच लिया है, जबकि तीसरा फरार है। होटल से दो तमंचे भी बरामद हुए हैं, जिनमें से एक का प्रयोग यतीन ने आत्महत्या के लिए किया था। पुलिस को यतीन के दो सुसाइड नोट भी मिले हैं। एक सुसाइड नोट में जिम संचालक पर उंगली उठाई गई है।
इंजीनियर यतीन वर्मा की हत्या की कहानी बुधवार को खुदकुशी में बदल गई। 27 नवंबर को यतीन का गोली लगा शव घंटाघर के आगे न्यू एंपायर सिनेमा के बाहर पड़ा मिला था। पुलिस पिछले 48 घंटे से हत्या के कारणों की जांच-पड़ताल में लगी थी। बुधवार सुबह पुलिस हत्या को लेकर बैक फुट पर आ गई। यतीन का पार्थिव शरीर लेकर बागेश्वर गए पिता बसंत लाल को वापस देहरादून बुला लिया गया।
दिनभर बसंत लाल को साथ लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी रही। देर शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने साक्ष्यों के आधार पर दावा किया कि यतीन वर्मा की हत्या नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर की रात यतीन घंटाघर स्थित होटल दून व्यू में ठहरा था, मगर उसकी कोई एंट्री नहीं की गई थी। 26 की रात करीब 11 बजे होटल मैनेजर राजकुमार यतीन के कमरे में अगले दिन का किराया लेने गया था। लेकिन दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला।
प्लाई हटाकर देखा तो अंदर यतीन की खून से लथपथ पड़ी लाश मिली
- फोटो : demo pic
दरवाजे की प्लाई हटाकर देखा तो अंदर यतीन की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। पुलिस कार्रवाई के डर से राजकुमार निवासी नजर अलीका, सुल्तानपुर और साथी कर्मचारी शत्रुघ्न निवासी जगदीशपुर, सुल्तानपुर और अखिल के साथ तीन-साढे़ तीन बजे के बीच यतीन के शव को कंफर्ट लॉज के बाहर फेंक दिया। बाद में उन्होंने कमरे और बिस्तर से खून को साफ कर दिया था।
राजकुमार और शत्रुघ्न ने पूछताछ में पूरी कहानी बताते हुए आत्महत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद करा दिया। यहां से एक अन्य तमंचा भी मिला है। एसएसपी ने बताया कि सुसाइड नोट में एक जिम संचालक पर भी सवाल उठाए गए हैं।
विवेचना के दौरान आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रदीप राय ने बताया कि एफएसएल टीम की जांच में होटल के कमरा नंबर सात की दीवारों पर खून लगने की पुष्टि हुई है। खून से सनी चादर और रजाई भी मिली है।