कोतवाली पुलिस ने रविवार को मांस की दुकानों की जांच कर बिना लाइसेंस मांस बेचने और भंडारण करने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने कुरैशी मोहल्ला जीवनगढ़ निवासी रईस, इसरार और जीशान को मौके से पकड़ा। तीनों के पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि क्षेत्र में अवैध पशु कटान, मांस की बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को 12 मांस की दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच एवं सत्यापन किया गया। जांच के दौरान तीन व्यक्ति बिना लाइसेंस के मांस का विक्रय और भंडारण करते पाए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। साथ ही उन्हें स्पष्ट हिदायत दी गई कि संबंधित विभाग से वैध लाइसेंस अथवा अनुमति प्राप्त किए बिना मांस का विक्रय या भंडारण न करें।