पीएम नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा को लेकर शनिवार को पुलिस महानिदेशक अनिल के रतूड़ी की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक हुई।
स्पोर्ट्स स्टेडियम रायपुर में हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक में डीजीपी ने पीएम मोदी की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अफसरों से कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था एक महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने कार्यक्रम में वीवीआईपी, वीआईपी और प्रमुख हस्तियों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए अलग अलग स्थानों पर प्वाइंट चिह्नित किए जाएं। इसके अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें। बैठक के बाद उन्होंने वीवीआईपी आगंतुकों के लिए बनाए जाने वाले हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) विनय कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र अजय रौतेला, पुलिस उपमहानिरीक्षक (अभिसूचना) विमला गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बरिंद्रजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।