अगर चोरों को पकड़ने वाली पुलिस खुद ही 'लुटेरी' बन जाए तो आप क्या कहेंगे। जी हां, कैमरे में कुछ ऐसा नजारा कैद हुआ है जिसने पुलिस की शर्मनाक हरकतों की पोल खोल दी है।
रुड़की की गंगनहर कोतवाली पुलिस की कस्टडी में खड़े तेल के टैंकर से सात हजार लीटर डीजल गायब होने के केस में जिलाधिकारी को एक वीडियो भेजी गई है। मामला 2015 का है लेकिन अब इस मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है।
वीडियो में एक कांस्टेबल बाल्टी लेकर टैंकर से तेल निकालता नजर आ रहा है। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को जांच के आदेश दिये हैं।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की लाइन ब्रेक कर तेल किया था चोरी
इंडियन ऑयल
- फोटो : hhhf
छह अगस्त 2015 को गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के बंदाखेड़ी गांव के पास से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की तेल की लाइन को ब्रेक कर आठ लोग तेल चोरी कर रहे थे।
पुलिस ने मौके पर छापा मारकर सात हजार लीटर तेल से भरा टैंकर और आठ आरोपियों को पकड़ लिया था। पुलिस ने तेल टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया था। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने टैंकर से डीजल के निस्तारण की मांग उठाते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था।
जिस पर कोर्ट ने एएसडीएम प्रेमलाल, सीओ स्वप्न किशोर सिंह, अपर तहसीलदार आशीष घिल्डियाल और आइओसी के अधिकारियों की एक कमेटी गठित की। कमेटी को तेल का सैंपल लेना था।
तेल टैंकर पूरी तरह से खाली
जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि टैंकर पूरी तरह से खाली
- फोटो : demo photo
27 सितंबर 2017 बुधवार को कमेटी तेल का सैंपल लेने के लिए टैंकर के पास पहुंची तो उसमें एक बूंद भी तेल नहीं निकला। जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि टैंकर पूरी तरह से खाली है।
पुलिस की ओर से कहा गया कि टैंकर में रिसाव होने के चलते तेल बह गया। लेकिन गुरुवार को किसी ने एक वीडियो जिलाधिकारी को भेजा। वीडियो में एक पुलिसकर्मी बाल्टी लेकर टैंकर से तेल निकालता दिख रहा है।
इसके बाद से रुड़की पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।
'सात हजार लीटर तेल का गायब होना गंभीर मामला'
डीएम दीपक रावत
- फोटो : SELF
इस मामले में जिलाधिकारी दीपक रावत का कहना है कि पुलिस कस्टडी में सात हजार लीटर तेल का गायब होना गंभीर मामला है। ऊपर से वीडियो में जो दिख रहा है। वह उससे भी ज्यादा गंभीर है। इस मामले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट में यदि पुलिस दोषी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
धड़ल्ले से हो रही थी तेल की चोरी
जब यह टैंकर पकड़ा गया था इसे यूं ही खड़ा कर दिया गया। तेल निकासी के प्वाइंट को भी चेक नहीं किया गया। दिन हो या रात इस टैंकर से तेल चोरी होता रहा।
अधिकारियों तक भी मामले की भनक नहीं पहुंची। अधिकारियों ने पुलिस से पूछा, तो पुलिस ने कहा कि टैंकर में रिसाव हो रहा है। तेल की कोई चोरी नहीं हो रही है। लेकिन वीडियो के सामने आने के बाद अब पुलिस अधिकारियों से कुछ कहा नहीं जा रहा है।