विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पुलिस महकमे में तबादलों को लेकर निर्वाचन आयोग ने निगरानी बढ़ा दी है। आयोग के निर्देशों के अनुपालन में अब जिलों के पुलिस कप्तानों को न केवल निर्धारित मानकों के तहत तबादले पूरे कराने होंगे, बल्कि इसकी पुष्टि के लिए शपथ पत्र भी देना होगा। इस बीच रेंज कार्यालय ने तबादला सूची जारी होने के बाद संबंधित इंस्पेक्टरों को कार्यमुक्त करने में देरी न करने के निर्देश दिए हैं।
रेंज स्तर से जारी आदेशों के अनुसार, जिन निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं, उन्हें सूची के मुताबिक तत्काल नई तैनाती के लिए रवाना करना होगा। संबंधित जिलों के पुलिस कप्तानों को यह सुनिश्चित करना होगा कि तबादला आदेशों का समयबद्ध तरीके से पालन हो। किसी भी स्तर पर पुराने तैनाती स्थल पर अधिकारियों को रोके रखने की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
दरअसल, निर्वाचन आयोग ने चुनाव से पहले पुलिस अधिकारियों की तैनाती को लेकर स्पष्ट मानक तय किए हैं। इसके तहत एक जिले में निर्धारित अवधि से अधिक समय से तैनात और अपने गृह जिले में सेवाएं दे रहे पुलिस अधिकारियों को हटाया जाना है। आयोग ने अब इस व्यवस्था के पालन की जिम्मेदारी सीधे जिलों के पुलिस कप्तानों पर तय करते हुए उनसे प्रमाण पत्र मांगा है।
एसएसपी और एसपी को शपथ पत्र में प्रमाणित करना होगा कि उनके जिले में आयोग के मानकों के दायरे में आने वाला कोई भी इंस्पेक्टर या दरोगा तैनात नहीं है। यह रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय के माध्यम से निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी। इससे तबादला आदेशों के वास्तविक अनुपालन की भी जांच हो सकेगी। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर चुनाव पूर्व होने वाली सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसी क्रम में तबादले किए गए हैं। सभी जिलों को जल्द से जल्द तबादला सूची के अनुसार अधिकारियों को मुक्त करने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें...रायवाला: पार्किंग को लेकर विवाद, युवक ने की पांच राउंड फायरिंग, गोलियों की आवाज से हरिपुर कला में दहशत
नरेश राठौर समेत कई इंस्पेक्टरों के तबादले
पटेलनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर समेत गढ़वाल मंडल से कई इंस्पेक्टरों के तबादले किए गए हैं। नरेश राठौर को टिहरी जनपद में स्थानांतरित किया गया है। कुछ दिन पूर्व उनका हरिद्वार तबादला होने की सूची आई थी। इनके अलावा जिले से संपूर्णानंद गैरोला, वीरेंद्र नेगी, गिरीश चंद्र शर्मा, हरिओम राज चौहान, पंकज देवरानी, प्रदीप कुमार राणा, देवेंद्र सिंह चौहान, कैलाश चंद्र भट्ट, गजेंद्र बहुगुणा, प्रदीप सिंह रावत आदि के नाम हैं।