पुलिस ने राजपुर क्षेत्र से 51 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके दो वाहन सीज किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि चुनावों की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी बीच सोमवार को पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान अंशल ग्रीन वैली के एक खाली प्लॉट के पास दो आरोपियों पवन राघव निवासी बापू नगर विवेक विहार और उसी क्षेत्र के रहने वाले दयानंद को पकड़ा गया।
इनमें से पवन राघव के कब्जे से 37 पेटी और दयानंद के कब्जे से वाहन से 14 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि यह शराब मसूरी क्षेत्र के ठेकों की थी जिसका चुनाव में इस्तेमाल होने की आशंका थी। बता दें कि प्रदेश में आचार संहिता लगने के बाद 35 हजार लीटर से अधिक शराब बरामद की गई है। जबकि, वर्ष 2019 के आम चुनाव के दौरान केवल 29 हजार लीटर शराब बरामद की गई थी।