ऋषिकेश के एक ढाबे में तीन लोगों ने पहले सूप पिया और फिर दावत उड़ाई। सूप और खाना खाकर खिसकने लगे तो ढाबा संचालक ने पैसे के लिए टोका, जो उन्हें नागवार गुजरा।
आरोप है कि खुद को पुलिस वाला बताते हुए इन तीनों ने ढाबा स्वामी और बीच बचाव करने आए दो अन्य की जमकर धुनाई कर दी। आसपास के लोगों को एकत्रित होते देख आरोपी फरार हो गए।
गुरुवार रात श्यामपुर चौकी के समीप एक सूप सेंटर में तीन लोग आए और सूप की डिमांड देकर वहीं एक ढाबे में आ गए। बताया जा रहा है सूप पीने के बाद खाने का ऑर्डर दिया।
ढाबा संचालक ने टोका
खाना खाने के बाद बिना पैसे दिए जाने लगे तो ढाबा संचालक ने टोका। आरोप है वह वर्दी का रौब झाड़ने लगे। ढाबा संचालक पैसे के लिए अड़ा तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
सूप वाले और एक अन्य ने हस्तक्षेप किया तो उनकी भी धुनाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों को एकत्रित होते देख मारपीट करने वाले भाग गए। लोगों ने मामले की शिकायत श्यामपुर चौकी में की है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें