देहरादून में एक स्कूल हॉस्टल के बाहर छात्रों को स्मैक बेचने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों युवक खुद नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए ही वे नशे की तस्करी करते हैं।
पुलिस को मिली थी सूचना
रविवार को किसी ने पुलिस को सूचना दी कि पटेलनगर स्थित एक पब्लिक स्कूल के हॉस्टल के बाहर नशा बेचा जा रहा है। इस पर पटेलनगर पुलिस ने छापा मारा तो छात्र वहां भाग गए। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक राजकुमार पुत्र मंगली निवासी रुखदा सिरौली बरेली और बंटी उर्फ विक्की चौहान निवासी चंदरनगर देहरादून हैं।
स्मैक हुई बरामद
राजकुमार से 16 ग्राम और बंटी से 12 ग्राम स्मैक मिली। राजकुमार दून में रेलवे कालोनी में रहता है। युवकों ने बताया कि कुछ स्मैक वे बेच चुके थे। बंटी ड्राइवर है जबकि राजकुमार मजदूरी करता है। वे बरेली के तस्करों से स्मैक की खरीद करते हैं।
दून और हरिद्वार में हॉस्टल के छात्रों व मजदूरों को स्मैक बेचकर मिलने वाले कमीशन से अपने लिए भी नशा खरीद लेते हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भिजवा दिया है।