नशा मुक्ति केंद्र से फरार हुए रोगियों में से पुलिस ने 25 को पकड़ लिया है। चार रोगी खुद केंद्र वापस आए, जबकि 14 अब तक भी फरार हैं। रोगियों ने भागने की वजह केंद्र में भीड़भाड़ होना बताया है। हालांकि, पुलिस इसकी जांच कर रही है। अभी तक केंद्र में प्रताड़ना या अन्य किसी संदिग्ध गतिविधि की बात सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि मंगलवार रात करीब पौने आठ बजे राजपुर क्षेत्र में विवादित नशा मुक्ति केंद्र जागृति फाउंडेशन से 43 रोगी दरवाजे की कुंडी तोड़कर फरार हो गए थे। उसके बाद हरकत में आई पुलिस ने कुछ देर बाद ही आठ रोगियों को कैंट के जंगल और चार को शहर क्षेत्र से पकड़ लिया था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ रोगी परेड ग्राउंड के पास भी खड़े हैं। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात वहां से चार रोगियों को पकड़ लिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजपुर अरविंद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को नौ रोेगियों को शहर और आसपास के क्षेत्रों से पकड़ लिया है। कुल मिलाकर अब तक पुलिस ने 25 रोगी पकड़ लिए हैं। केंद्र में कुल 77 रोगी थे। उनमें से 43 फरार हो गए थे। ऐसे में अब केवल 14 रोगी हैं जो नशा मुक्ति केंद्र से बाहर हैं। उनके बारे में भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। थानाध्यक्ष के अनुसार सभी फरार रोगियों का हुलिया और फोटो आसपास की जनपदों की पुलिस को भेज दिए हैं। ताकि, जल्द उन्हें वापस नशा मुक्ति केंद्र लाया जा सके।