देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 86.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस ने सूचना के आधार पर 22 जुलाई 2026 को गैस गोदाम क्षेत्र से आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाकिर पुत्र वकील निवासी बड़ा कुंआ, मिर्जापुर थाना मिर्जापुर, सहारनपुर (यूपी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र 24 वर्ष है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक कैराना, उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से खरीदकर लाता था और विकासनगर-डाकपत्थर क्षेत्र में आने वाले पहाड़ी युवाओं, ड्राइवरों और कॉलेज छात्रों को बेचता था।