सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय मांडूवाला में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उपनिरीक्षक (साइबर क्राइम) राजेश ध्यानी ने छात्रों को साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके बताए। कहा कि किसी भी दशा में बैंक खाते से संबंधित कोई भी जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी से भी शेयर न करें। किसी भी अनजान वीडियो कॉल को रिसीव ना करें। फोन या कंप्यूटर में कोई भी सॉफ्टवेयर डाउनलोड ना करें। उन्होंने कहा कि फोन चोरी होने या खो जाने से संबंधित शिकायत के लिए उन्होंने संचार साथी एप्लीकेशन के बारे में जानकारी दी। डॉ. रीता पासवान ने छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव बताए। उन्होंने कहा कि एक बार नशे की लत लगने पर इसे छोड़ना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने छात्रों से किसी भी प्रकार का नशा न करने की अपील की। प्रधानाचार्य राकेश मैंदोला ने सोशल मीडिया की लत को छात्रों के लिए खतरनाक बताया। इससे दूर रहने की सलाह दी।