police on padmavat special screening
- फोटो : amar ujala
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद देहरादून पुलिस ने फिल्म पद्मावत को लेकर कमर कस ली है। बुधवार को स्पेशल स्क्रीनिंग से पहले ही पुलिस मल्टीप्लेक्स में तैनात रही।
वहीं खुफिया तंत्र ने फिल्म का विरोध करने वाले छह संगठनों के करीब 23 पदाधिकारियों को चिह्नित किया है। इसके अलावा फेस बुक और सोशल मीडिया की गतिविधियों पर पूरा फोकस है। ऐसे में किसी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर गिरफ्तारी भी हो सकती है। इस बाबत अपर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दे चुके हैं।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा मंगलवार को राजस्थान और मध्य प्रदेश सरकार की फिल्म के रिलीज पर रोक की याचिका अस्वीकार करने के बाद पुलिस मुख्यालय सक्रिय हो गया। फिल्म प्रदर्शित किए जाने को लेकर पुलिस के अलावा खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक फिल्म पद्मावत का विरोध करने वाले छह संगठनों के 23 पदाधिकारियों को चिह्नित किया गया है।
‘अब जौहर होगा देहरादून में’
खुफिया तंत्र की निगाहें भावना शर्मा की फेस बुक आईडी पर दी गई चेतावनी टिकी है। पोस्ट में लिखा गया है कि अब जौहर होगा देहरादून में, पद्मावत लगेगी, मेरे जौहर के बाद, देखना है कि हिंदुत्व की जिद। एलआईयू इस पोस्ट को धमकी के रूप में लेकर भावना शर्मा के बारे में देर रात तक जानकारी जुटाने में लगी थी।
जिले में फिल्म पद्मावत कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच रिलीज होगी। यदि कोई कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- निवेदिता कुकरेती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक