फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जहरीली शराब कांड: जब चाहो तब मिल जाती थी शराब, होम डिलीवरी के साथ उधार भी देते थे आरोपी

Thu, 26 Sep 2019 01:07 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

जहरीली शराब प्रकरण को लेकर पुलिस के सर्वे में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बिंदाल से जुड़ी बस्तियों में देशी शराब जाफरान किसी भी समय उपलब्ध हो जाती थी। ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है, जिन्हें नाश्ते में चाय से ज्यादा जाफरान पसंद है। जेब खाली भी हो तो उधार में शराब मिल जाती थी। घर बैठे मिलने वाली सुविधा के लिए शराब के शौकीनों को 15 से 20 रुपये ज्यादा देने में कोई एतराज नहीं था। 

विज्ञापन


पथरिया पीर में जहरीली शराब से छह लोगों की मौत के मामले में पकड़ में आए पूर्व पार्षद अजय सोनकर और गौरव के बयानों में यही बात सामने आई है कि जाफरान के एक पव्वे को 15 रुपये महंगा बेचते थे। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने आरोपियों के बयानों के सत्यापन के लिए सीओ सदर लोकजीत सिंह को इलाके में सर्वे कराने को कहा था।

पुलिस ने दो दिन में नेशविला रोड और पथरिया पीर क्षेत्र में करीब45 लोगों के बयान दर्ज किए। रिपोर्ट में शराब पीने वालों के नाम के साथ पते का भी उल्लेख है। सभी से यह पूछा गया है कि वे कौन से ब्रांड पीते हैं और कहां से खरीदते थे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

अधिकांश लोगों ने बताया कि वे गौरव और महेश उर्फ मच्छर से शराब खरीदते थे। इनमें से कई ऐसे हैं, जिन्हें सुबह उठते ही शराब चाहिए। इन इलाकों में गौरव और मच्छर ने शराब के शौकीनों को कई सुविधाएं मुहैय्या करा रखी थीं।

एक तो शराब की आपूर्ति में समय की कोई बंदिश नहीं थी। सुबह के सात बजे हो या फिर रात के एक, शराब उपलब्ध हो जाती थी। दूसरा शराब उधार भी मिल जाती थी। इसलिए लोगों को 15 रुपये मंहगी शराब खरीदने में कोई हिचक नहीं थी। सीओ सदर लोकजीत सिंह ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट आदतन शराबियों से बातचीत के आधार पर तैयार की गई है। उन्हाेंने बताया कि अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है।   

शराब बेचने वाला मच्छर गया जेल
पथरिया पीर में छह लोगाें की मौत के मामले में तीसरा आरोपी महेश उर्फ मच्छर भी बुधवार को जेल चला गया। मच्छर को पुलिस ने मंगलवार देर रात हरिद्वार के भगवानपुर इलाके से गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में पता चला था कि पथरिया पीर इलाके में मच्छर भी अवैध रूप से शराब बेचता था। कई दिन से पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद बुधवार को आरोपी मच्छर को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। चौथा आरोपी राजू उर्फ राजा नेगी अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश चल रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें