कॉर्बेट के ढिकाला में तीन घंटे के दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की और उनसे पार्क में बाघों की संख्या, मानव वन्य जीव संघर्ष के बारे में चर्चा की। इसी दौरान उन्होंने कॉर्बेट पार्क के ढेला रेंज में रेस्क्यू सेंटर एवं कालागढ़ डिविजन से टाइगर सफारी बनाने की घोषणा की।
इसके बाद वह खिनानौली वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां पर चल रही डिस्कवरी चैनल की शूटिंग का लुत्फ लेते हुए उन्होंने चाय की चुस्कियां लीं। इसके बाद उन्होंने सभी वन कर्मचारियों के साथ अपने कैमरों से फोटो खींची।
पार्क में चार घंटे रुके प्रधानमंत्री मोदी को पार्क इतना भाया कि उन्होंने पार्क के अधिकारियों से फिर से आने की बात की और रवाना हो गए। इस दौरान राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन मुनीश कुमार, उपनिदेशक चंद्रशेखर जोशी मौजूद थे।
वीआईपी गेस्ट हाउस खिनानौली से प्रधानमंत्री ने रुद्रपुर में की रैली को मोबाइल से संबोधित किया। उन्होंने रुद्रपुर रैली में नहीं जा पाने का दुख भी जताया। बृहस्पतिवार को मौसम पूरे दिन इतना खराब रहा।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में किया जलपान
प्रधानमंत्री मोदी कॉर्बेट पार्क से निकलने के बाद रामनगर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट में 19 मिनट रुके। यहां उन्होंने गुनगुना पानी पीया , मिक्स पनीर और चाय के साथ गोभी की पकौड़े, एक पीस ढोकले का स्वाद लिया। तहसील के स्टाफ के साथ राजस्व उप निरीक्षक ताराचंद घिडिल्याल का भी धन्यवाद किया।