सीएम ने दिया नई पहलों का विवरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होम-स्टे योजना के तहत 6000 से अधिक होम-स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं। आमजन की सुविधा के लिए उत्तरा स्टे नाम से देश का पहला निशुल्क मार्केटिंग पोर्टल विकसित किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुड़ रहे हैं। बागवानी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए अल्मोड़ा के चौबटिया में सेब, चेरी, प्लम एवं नाशपाती हेतु सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने, किसानों के प्रशिक्षण के लिए विशेष व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
आध्यात्मिक आर्थिक जोन के लिए बेल केदार, अंजनीसैंण, श्यामलाताल का चयन
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र के रूप में बेल केदार, अंजनीसैंण व श्यामलाताल क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। चारधाम की शीतकालीन यात्रा के साथ आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। आदि कैलाश में वर्ष 2022 में 1761 श्रद्धालुओं की तुलना में वर्ष 2025 में 36453 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, क्याकिंग समेत अनेक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। पर्यटन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था व स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक जिला-एक मेला की कार्ययोजना के बारे में भी जानकारी दी।