मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जारी बधाई संदेश में सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने करीब एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रदेश के लिए स्वीकृत की हैं।
इसमें रेल परियोजना से लेकर भारत माला तक के काम शामिल हैं। पीएम मोदी की भगवान केदारनाथ मेें गहरी आस्था है और प्रधानमंत्री के प्रयास से केदार धाम को विश्वस्तरीय धार्मिक स्थल बनाने का काम किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन की शुभकामना दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर यमुना कालोनी में हरसिंगार का पौधा लगाया। हरसिंगार धार्मिक मान्यताओं का वृक्ष है, जिसका औषधीय महत्व भी है। इस अवसर पर भगत ने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल के पद चिन्हों पर चलने वाले पीएम कर्तव्य, सेवा तथा विकास की त्रिवेणी बने हुए हैं।
उन्होंने देश को जो ऊंचाई दी है वह अब तक संभव नहीं थी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक सरकार के मुखिया के तौर पर अपने कामों को देशवासियों के सम्मान के लिए समर्पित किया है। उनके कामों के कारण देश को अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा हासिल हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में भारत सामाजिक आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा हैं। उत्तराखंड से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव है। इसका प्रमाण उनके द्वारा उत्तराखंड को दी गई विशेष परियोजनाएं हैं, जिनके माध्यम से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
चुनाव के दौरान हमारा नारा था उत्तराखंड को अटल जी ने बनाया है, मोदी जी संवारेंगे। यह बात पूरी तरह शत-प्रतिशत खरी उतर रही है। डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड विकास के निरंतर नए आयाम छू रहा है।