उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से योगस्थली स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद में आयोजित राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जाधारी ओमप्रकाश जमदग्नि ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया।
खेले गए मुकाबलों में पिथौरागढ़ के सक्षम ने हिमांशु को हराकर जीत हासिल की। चंपावत के प्रियांशु वर्मा ने सरोज राणा को शिकस्त दी। काशीपुर के रोहन ने अल्मोड़ा के शिवम अधिकारी को हराकर जीत हासिल की। महिला वर्ग में नैनीताल की गुंजन ने रुद्रपुर की निकिता को हराया। ऊधमसिंह नगर की सविता ने हल्द्वानी की सुरभिका को हराया। पिथौरागढ़ की कोमल लोहिया ने बागेश्वर की अंजलि को हराकर जीत हासिल की। राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि खेलों में कॅरिअर बनाना है तो निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत करें। राज्य सरकार के खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों से उत्तराखंड के खिलाड़ी देश दुनिया में उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
जिला मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डाॅ.विशाल गर्ग ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। बॉक्सिंग खेल आत्मरक्षा का भी सशक्त माध्यम है। सीएम पुष्कर सिंह धामी खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। अर्जुन अवार्डी एवं गोल्ड मेडलिस्ट पदम बहादुर, अविनाश भदोरिया, संजय खटाना, लखबीर, सुनीता चौधरी, राकेश चौधरी, दिनेश शर्मा, शिवम त्यागी, सुधीर जोशी, विपिन बलूनी ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।