- पर्यटकों की लापरवाही से बिगड़ रही वेटलैंड की स्वच्छता
- स्वच्छता अभियान चलाने वाली सामाजिक संस्थाओं के सामने कूड़ा निस्तारण का संकट
टैग..अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। आसन वैटलेंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रवासी और स्थानीय पक्षियों के साथ ही झील में जलीय जीव भी मौजूद रहते हैं। इसके बावजूद यहां घूमने आने वाले पर्यटक पर्यावरण संरक्षण के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में कूड़ा फैलता जा रहा है। उधर क्षेत्र में समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाने वाली सामाजिक संस्थाओं के सामने भी आसन क्षेत्र से एकत्रित किए जाने वाले कूड़े के निस्तारण का संकट है।
प्राकृतिक व पर्यवरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण आसन नमभूमि देश के रिर्जव कजंरवेशन में से एक है। यहां पहुंचने वाले प्रवासी पक्षियों के कारण आसन झील को रामसर साइट का विश्वस्तरीय दर्जा भी मिला हुआ है। झील के एक किनारे पर स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम के बोटिंग केंद्र पर बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटक जलक्रीड़ा का आनंद लेते हैं। पर्यटक अपने साथ लाए खाद्य पदार्थों के रैपर, प्लास्टिक की बोतलें और टिन के डिब्बे झील के किनारों और आसपास की सड़कों पर फेंक रहे हैं। नमकीन, चिप्स और अन्य खाद्य सामग्री के रैपर के साथ प्लास्टिक की बोतलें और टिन के डिब्बे झील के पानी तक पहुंच रहे हैं।
पर्यटकों की इस लापरवाही से पूरे क्षेत्र की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित हो रही है। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर एसएस गांधी, पवन नेगी का कहना है आसन वेटलेंड के अस्तित्व को बचाने के लिए वन विभाग व शासन को पहल करनी चाहिए।
हमारी संस्था के माध्यम से लगभग प्रत्येक रविवार को आसन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया जाता है लेकिन, समस्या यह है कि भारी मात्रा में एकत्रित होने वाले कूड़े को निस्तारित कहां किया जाए। - रेहाना सिद्दीकी, अध्यक्ष वॉरियर गर्ल्स फाउंडेशन
आसन क्षेत्र में कहीं पर भी डस्टबीन या ऐसा कोई स्थान नहीं बनाया गया है जहां पर्यटक कूड़ा डाल सकें। सबसे पहले तो संबंधित विभागों को क्षेत्र में डस्टबिन लगाने चाहिए व जागरूकता बैनर की भी जरूरत है। - सलमान, सामाजिक कार्यकर्ता
आसन क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण व एकत्रित करने के संबंध में शासन को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। - आनंद रावत, रेंजर आसन