शोभायात्रा और जुलूस वाले इलाकों में भीड़ न लगे, इसके लिए मंडी तिराहे पर रूट डायवर्जन किया गया था। यहां से कुछ लोगों को अस्पताल जाना था तो कुछ को प्राइवेट दफ्तरों में। बहुत से लोगों की ज्यादा से ज्यादा दूरी एक किमी से भी कम थी, लेकिन पटेलनगर इंडस्ट्रियल एरिया तक आने के लिए लोगों को हरिद्वार बाईपास और ब्राह्मणवाला के अंदरूनी इलाकों से होकर जाना पड़ा। इससे उन्हें बेवजह चार से पांच किमी तक चलना पड़ा।
मंडी तिराहे पर वाहनों को रोका जा रहा था, जिससे आईएसबीटी की ओर से सहारनपुर चौक की तरफ आने वाले वाहनों के पहिये थम गए। मंडी तिराहे से आईएसबीटी फ्लाईओवर तक एक लेन में जाम लग गया। यहां पर वाहन एक से डेढ़ घंटे तक फंसे रहे। इससे आईएसबीटी चौराहे पर भी यातायात दबाव बढ़ गया। फ्लाईओवर की सर्विस लेन में वाहन बुरी तरह फंस गए। चौक पर अतिरिक्त फोर्स लगाकर वाहनों को जैसे तैसे वहां से निकाला गया।
ये भी पढ़ें...भारत-पाक बंटवारा: 12 लाख हिंदुओं का कत्ल, माता-पिता ने घोंटा कलेजे के टुकड़ों का गला, पढ़ें-विभाजन की दास्तां
जीएमएस रोड पर भी लंबा जाम लगा। इसका कारण भी मंडी तिराहे पर वाहनों को रोका जाना था। कमला पैलेस से तिराहे तक जाम लगा रहा। पूरी जीएमएस रोड पर ही वाहनों का दबाव बढ़ गया। बल्लुपुर और बल्लीवाला चौक पर भी वाहन फंसे रहे। हालांकि, इन स्थानों की दिक्कत थोड़ी देर बाद ही ठीक हो गई। इधर, सहारनपुर चौक पर भी वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा था। यहां भी भयंकर जाम लग गया।