फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: नैनीसैनी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त रनवे पर फिसला विमान, बड़ा हादसा टला

Fri, 20 Mar 2020 08:13 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विमान फिसला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गाजियाबाद के हिंडन से यात्रियों को लेकर आ रहा विमान नैनीसैनी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फिसलकर रनवे से बाहर चला गया। सभी यात्री और पायलट सकुशल हैं। जिलाधिकारी ने घटना की जांच कराने की बात कही है।

विज्ञापन


शुक्रवार की शाम हेरिटेज एविएशन का नौ सीटर विमान हिंडन से यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ के नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचा। 3.30 बजे लैंडिंग के दौरान विमान फिसलकर रनवे से बाहर चला गया। रनवे से बाहर जाते ही विमान के रुकने से बड़ा हादसा टल गया। विमान के रनवे से बाहर उतरते ही एयरपोर्ट पर खड़ी फायर ब्रिग्रेड तत्काल मौके पर पहुंच गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।  

विमान के रनवे पर फिसलने की सूचना मिलते ही डीएम डा.विजय कुमार जोगदंडे और एयरपोर्ट मैनेजर एसडीएम तुषार सैनी ने एयरपोर्ट पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों से भी बातचीत की। बाद में सभी यात्रियों को वाहनों से घरों को भेज दिया गया। इस दौरान यात्री घबराए नजर आए। 
विज्ञापन


महिला यात्री देवकी देवी और राम सिंह ने बताया कि रनवे पर अचानक झटका लगा। इसके बाद जब उतरकर देखा तो विमान रनवे से बाहर था। एयरपोर्ट मैनेजर तुषार सैनी ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। विमान को भी किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है। रनवे से उतरने के कारण विमान की तकनीकी जांच होगी। इसके चलते शनिवार को विमान का संचालन बंद रहेगा। 

विज्ञापन

एक ही विमान का हो रहा संचालन

पिथौरागढ़ के नैनीसैनी एयरपोर्ट से देहरादून और हिंडन के लिए विमान सेवा केवल एक विमान के भरोसे संचालित हो रही है। यह नौ सीटर विमान हेरिटेज एविएशन का है। पहली फ्लाइट देहरादून से यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ आती है। इसके बाद दूसरी फ्लाइट देहरादून जाती है। तीसरी फ्लाइट देहरादून से पिथौरागढ़ आती है। इसके बाद चौथी फ्लाइट हिंडन के लिए जाती है। पांचवीं फ्लाइट हिंडन से पिथौरागढ़ आती है।

अंतिम फ्लाइट देहरादून के लिए रवाना होती है। आपरेशनल कारणों या मौसम के कारण आए दिन सेवा में व्यवधान आता रहता है। सीमांत के लोग कई बार 20 सीटर विमान के संचालन की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई प्रयास नहीं हुए हैं। 

हिंडन से पिथौरागढ़ के लिए यात्रियों को लेकर आया विमान रनवे से बाहर चला गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं। सभी यात्रियों को अपने-अपने घरों को भेज दिया गया है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच कराई जाएगी। 
-डा.विजय कुमार जोगदंडे, डीएम पिथौरागढ़। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें