38 आदि कैलाश यात्रियों का पैदल मार्ग से किया गया रेस्क्यू
13 सितंबर को हुई अतिवृष्टि से तवाघाट-लिपुलेख हाईवे मलघाट में लगातार बंद है। इसके चलते जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान के आदेश पर एसडीआरएफ एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन के कर्मियों ने बूंदी, गर्ब्यांग और गुंजी में फंसे 38 आदि कैलाश यात्रियों का पैदल रेस्क्यू किया। इन यात्रियों को जीआईसी जयकोट से तीन किलोमीटर पैदल यात्रा मार्ग से नारायण आश्रम लाया गया।
तहसीलदार डीके लोहनी, कोतवाल धारचूला कुंवर सिंह रावत ने बताया कि वाहनों से मंगलवार देर रात यात्रियों को सकुशल धारचूला पहुंचाया गया। केएमवीएन धारचूला के प्रबंधक धन सिंह बिष्ट ने बताया कि 25, 26 और 27 वें दल के 29 यात्री धारचूला के केएमवीएन गेस्ट हाउस में रुके हैं। मोटर मार्ग खुलते ही इनको यात्रा के लिए भेज दिया जाएगा।