पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पूर्व मतदान कर्मियों ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का मिलान किया। सभी पोलिंग पार्टियां शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों में पहुंच गई थीं। चुनाव को देखते हुए संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप साह भी पिथौरागढ़ पहुंच गए हैं। रविवार शाम को उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे और अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
40 मतदान केंद्रों पर रहेगी निर्वाचन विभाग की नजर
उपचुनाव में पिथौरागढ़ विधानसभा के 40 बूथों में वेब कास्टिंग सुविधा दी गई है। इन मतदान केंद्रों में वेब कैमरे लगाए गए हैं। इनकी कनेक्टिविटी इंटरनेट के माध्यम से होगी। इस तरह से इन बूथों में हो रहे मतदान पर जिला निर्वाचन अधिकारी से लेकर भारत निर्वाचन आयोग तक के अधिकारियों की सीधी नजर रहेगी।
डीएम ने की मतदान करने की अपील
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर घरों से निकलकर अपने-अपने मतदान केंद्रों में जाने और मतदान करने की अपील की है।
पिथौरागढ़ में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा उप चुनाव के लिए 145 मतदान केंद्रों में 580 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। 20 मतदान केंद्र संवेदनशील और अति संवेदनशील हैं। इनमें माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में सशस्त्र सुरक्षा बलों के जवान तैनात रहेंगे।
15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, दो जोनल मजिस्ट्रेट, दो जोनल अधिकारी और 15 सेक्टर ऑफिसर तैनात गए हैं। सुरक्षा के लिए एक कंपनी आईटीबीपी, दो कंपनी एसएसबी, दो प्लाटून पीएसी, दो राजपत्रित अधिकारी, एक इंस्पेक्टर, 43 सब इंस्पेक्टर, 211 कांस्टेबल, 214 होमगार्ड और एक सौ पीआरडी के जवान तैनात किए गए हैं।
इन विकल्पों से कर सकते हैं मतदान
यदि किसी के पास फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र न हो तो पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य, केंद्र सरकार, प्राइवेट कंपनियों के फोटोयुक्त पहचान पत्र, बैंक, डाकघरों के स्मार्ट कार्ड, पैन कार्ड, मनरेगा जॉबकार्ड, श्रम मंत्रालय के स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, आधार कार्ड दिखाकर मतदाता मतदान कर सकते हैं।