फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मूसलाधार बारिश के बाद गंगोत्री हाईवे पर आया भारी मलबा, 500 यात्रियों और वाहनों को रोका

Fri, 27 Apr 2018 10:18 PM IST
न्यूज डेस्क/अमर उजाला, उत्तरकाशी
विज्ञापन
gangotri highway
विज्ञापन

जिले के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार शाम को तेज हवाएं चलने और नेताला से भटवाड़ी के बीच मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। इस हिस्से में गंगोत्री हाईवे चार जगह पर मलबा आने से अवरुद्ध हुआ।

विज्ञापन


हालांकि इनमें से तीन जगहों पर बीआरओ ने कुछ ही देर में मलबा साफ कर यातायात बहाल कर लिया, लेकिन मनेरी बैराज के पास मलबे में एक बच्ची दबी होने की आशंका के चलते मलबा साफ करने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। फिलहाल प्रशासन ने एहतियातन उत्तरकाशी और भटवाड़ी में तकरीबन पांच सौ यात्रियों और वाहनों को रोक दिया है।

बीते दो दिनों से जिले के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी के बाद शुक्रवार को नेताला भटवाड़ी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई, जबकि शेष हिस्सों में बारिश तो नहीं हुई, लेकिन तेज हवाओं से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
विज्ञापन


नेताला के डेंजर जोन वाले हिस्से में मलबा आने से यहां गंगोत्री हाईवे पर यातायात अवरुद्ध हो गया। इसके अलावा मनेरी के कनेथ तोक में भारी मलबा आने से गंगोत्री हाईवे तीन जगहों पर अवरुद्ध हुआ।

विज्ञापन

landslide
मौके पर तैनात बीआरओ ने मशीनों से तीन स्थानों पर तो कुछ ही देर में यातायात बहाल कर लिया, जबकि मनेरी बैराज गेट के पास आए मलबे में एक बच्ची के दबे होने की आशंका के चलते यहां सावधानी के साथ मलबा हटाया जा रहा है।

गंगोत्री हाईवे बंद होने से दोनों ओर बड़ी संख्या में यात्री वाहन फंस गए हैं। हालांकि प्रशासन ने गंगोत्री की ओर जा रहे तीर्थयात्रियों को उत्तरकाशी में ही तथा गंगोत्री से लौट रहे यात्रियों को भटवाड़ी में एहतियातन रोक दिया है।

डीएम डा.आशीष चौहान एवं एसपी ददन पाल समेत पुलिस, प्रशासन, बीआरओ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं। बीआरओ के अधिकारी कुछ ही देर में मलबा साफ कराकर यातायात बहाल करने की बात कह रहे हैं। मनेरी के कनेथ में मूसलाधार बारिश के साथ भारी मलबा आने को ग्रामीण बादल फटने की घटना मान रहे हैं।

तेज बारिश के साथ मलबा आने से गंगोत्री हाईवे नेताला एवं मनेरी में अवरुद्ध हुआ। मनेरी बैराज गेट के पास वाले हिस्से में मलबे में एक बच्ची के दबे होने की आशंका के चलते यहां सावधानी के साथ मलबा हटाया जा रहा है। जल्द ही यहां यातायात सुचारु कर लिया जाएगा। तीर्थयात्रियों को सुरक्षा की दृष्टि से उत्तरकाशी और भटवाड़ी रोका गया है।
-देवेंद्र पटवाल, आपदा प्रबंधन अधिकारी उत्तरकाशी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें