थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर इछाड़ी डैम के समीप सेब से लदा पिकअप पलट गया। हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। गनीमत रही कि हादसे में चालक और हेल्पर को हल्की चोटें आईं। लोगों के सहयोग से सेब की पेटियों को दूसरे वाहन में लोड कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर जा रहा था। इछाड़ी डैम के समीप वाहन अचानक सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि वाहन टोंस नदी की ओर नहीं पलटा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहां से गुजर रहे दूसरे वाहनों के चालक उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। वाहन में सवार चालक और हेल्पर को बाहर निकाला, जिन्हें मामूली चोटें आईं थी। दूसरे वाहन की व्यवस्था कर सेब की पेटियों को आगे के लिए रवाना किया। थाना प्रभारी रविंद्र नेगी ने बताया थाना पुलिस को हादसे की कोई सूचना नहीं दी गई।