टौंस नदी के पास खाई में गिरा पिकअप वाहन।
- फोटो : VIKAS NAGAR
हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर सेब से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर इच्छाड़ी डैम के पास गहरी खाई में जा गिरा। जिससे वाहन में सवार चालक की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कालसी थाना पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार चालक हिमाचल प्रदेश के रड़ू से सेब को लेकर सहारनपुर मंडी जा रहा था। वाहन में सिर्फ चालक सवार था। दोपहर करीब एक बजे इच्छाड़ी डैम से करीब पांच किमी आगे टिमरा बैैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। जिससे वाहन खड़ी चट्टान से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। आसपास से गुजरने वाले लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस, कालसी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने किसी तरह से रस्सों के सहारे खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि वाहन के खाई में गिरते ही पूरी तरह से परखच्चे हो गए। जबकि चालक का शव टौंस नदी के पास एक चट्टान के बीच जा फंसा। बताया कि शव के पास से मिले ड्राइविंग लाईसेंस के आधार पर मृतक की पहचान नासिर(26) पुत्र नसीम निवासी ग्राम चौली थाना भगवानपुर हरिद्वार के रूप में हुई है। बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।