पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नगर की एक मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय किशोरी ने मोहल्ले के ही युवक पर पिछले एक साल से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया था। परिजनों को जानकारी मिली तो उन्होंने मंगलौर कोतवाली में आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत कर तहरीर दी थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस अभी आरोपी की तलाश ही कर ही रही थी कि इसी बीच रविवार सुबह किशोरी ने आत्महत्या जैसा संगीन कदम उठा लिया।
पुलिस के अनुसार, सुबह 11.30 बजे घर के कमरे में छत में पंखा लटकाने के लिए बनाए गए हुक में चुन्नी का फंदा बनाकर किशोरी ने फांसी लगा ली। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। पिता और भाई मजदूरी करने गए थे जबकि मां भी बाहर गई थी।
कुछ देर बाद किशोरी का भाई घर आया तो दरवाजा बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो उसने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में प्रवेश करने पर किशोरी फंदे से लटकी मिली। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने किशोरी के शव को फंदे से नीचे उतारा और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पाकर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच जानकारी पाकर मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान का कहना है कि मृतका नाबालिग थी और हाईस्कूल में पढ़ती थी। उन्होंने बताया कि मौके पर एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं को बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मौत को गले लगाने से पहले किशोरी ने सुसाइड नोट लिखा। जिसमें उसने अपनी मां से आत्महत्या करने के लिए माफी मांगी है। सुसाइड नोट में उसने अपनी मां से बार-बार माफी मांगी है। उसने अंग्रेजी में कई बार ‘आई एम सॉरी’ लिखा है।